श्रावण मास में महेश्वर महादेव मंदिर में बर्फ के शिवलिंग व शिव परिवार की भव्य झांकी

विक्रम राठोड़
भायंदर पश्चिम। श्रावण मास के पवित्र अवसर पर भायंदर पश्चिम स्थित इंद्रा कॉम्प्लेक्स, 60 फीट रोड पर श्री महेश्वर महादेव मंदिर में रविवार को बर्फ के शिवलिंग, गणपतिजी, हनुमानजी, नंदी एवं शिव परिवार की भव्य झांकी बनाई गई। झांकी के दर्शन के लिए सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही।
श्रावण मास के पूरे महीने मंदिर में भगवान भोलेनाथ का दूधाभिषेक, जलाभिषेक, भस्म, पंचामृत, धतूरे के फूल एवं बिल्वपत्र अर्पित किए जा रहे हैं। मंदिर में रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना भी लगातार चल रही है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-शांति एवं खुशहाली की प्रार्थना करते नजर आए।
श्रावण मास को देखते हुए महेश्वर महादेव मंदिर को चारों ओर भगवा पताकाओं, आकर्षक सजावट, रोशनी और लाइटिंग से सजाया गया है। मंदिर में पंचमुखी हनुमानजी की प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र है। इसके साथ ही मंदिर परिसर में शीतला माता, कार्तिक भगवान, गणेशजी, नंदी महाराज, पार्वती माता और लड्डू गोपाल की मूर्तियां भी विराजमान हैं।

हर वर्ष की भांति इस बार भी श्रद्धालु सुबह करीब 6 बजे से ही मंदिर पहुंचना शुरू हो गए थे। देखते ही देखते मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। मंदिर में भक्तों को प्रसाद का वितरण भी किया गया। श्रद्धालुओं द्वारा नारियल, फूलों की माला, लड्डू, बेलपत्र, बैंगन, गाजर एवं विभिन्न फल-फूल भगवान को अर्पित किए गए।
इस अवसर पर विशेष महाआरती का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि के साथ देश में शांति एवं खुशहाली की प्रार्थना की।
मंदिर की व्यवस्थाओं एवं श्रावण मास के आयोजन की जानकारी मंदिर के पुजारी जगदीश भाई श्रीमाली जी ने दी।











