सोपूरा में हीरापुरी महाराज के मंदिर पर गिरी आकाशीय बिजली, कलश टूटा

प्रवीण सेन।
कारोई, भीलवाड़ा जिले की ग्राम पंचायत सेथुरिया के सोपूरा गांव में स्थित श्री श्री 1008 श्री हीरापुरी जी महाराज के मंदिर पर देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से मंदिर को काफी नुकसान हुआ। तेज गर्जना के साथ बिजली सीधे मंदिर के ऊपरी हिस्से पर गिरी, जिससे मंदिर पर लगा कलश टूट गया तथा ऊपरी भाग का कुछ हिस्सा खंडित हो गया।
आकाशीय बिजली गिरने से मंदिर में लगा लाइटिंग बोर्ड और बिजली के उपकरण भी जलकर खराब हो गए। घटना के समय मंदिर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बिजली गिरने की तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी अन्य ग्रामीणों को दी। सोपूरा निवासी शंभुपुरी, अर्जुनपुरी और प्रहलादपुरी ने बताया कि हीरापुरी महाराज का मंदिर ग्रामीणों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर को हुए नुकसान की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।











