महेश्वर महादेव मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य झांकी, दर्शन के लिए उमड़ा भक्तों का सैलाब

विक्रम बी. राठौड़
भायंदर पश्चिम स्थित इदरा कॉम्प्लेक्स, 60 फीट रोड पर श्री महेश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर भव्य झांकी सजाई गई। आकर्षक सजावट और रोशनी से सुसज्जित झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में भगवान शिव, शिवलिंग, गणेशजी, पंचमुखी हनुमानजी, माता पार्वती, कार्तिक स्वामी, नवदुर्गा एवं शीतला माता सहित विभिन्न देवी-देवताओं की भव्य आंगी सजावट की गई। मंदिर परिसर को भगवा पताकाओं, आकर्षक डेकोरेशन और रंग-बिरंगी लाइटिंग से सजाया गया।

झांकी एवं भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए रात में हजारों श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान लड्डू गोपाल से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, सुख-शांति एवं देश में शांति की प्रार्थना की। भक्तों द्वारा नारियल, फूलों की माला और लड्डू का भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण भी किया गया।
मंदिर में स्थित पंचमुखी हनुमानजी की प्रतिमा श्रद्धालुओं की विशेष आस्था का केंद्र है। मंदिर में शीतला माता, कार्तिक भगवान, गणेशजी, नंदी महाराज, माता पार्वती एवं लड्डू गोपाल की प्रतिमाएं भी विराजमान हैं।
रात्रि 9 बजे से प्रसिद्ध भजन गायक ने अपनी ओजस्वी वाणी से एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। देर रात तक भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर महाआरती की गई और शंख की मधुर ध्वनि के साथ जन्मोत्सव मनाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण से देश में सुख, शांति एवं समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।











