जल संकट के चलते बाली जैन स्नेह मिलन समारोह स्थगित

Vikram B Rathod
बाली। गोड़वाड़, मारवाड़ एवं संपूर्ण जोधपुर प्रांत में बारिश की कमी के कारण उत्पन्न जल संकट को देखते हुए श्री महावीर जैन नवयुवक मंडल (संस्थान), बाली ने दिसंबर 2026 में प्रस्तावित बाली जैन स्नेह मिलन समारोह को स्थगित करने का निर्णय लिया है।
मंडल द्वारा बाली में 26 से 30 दिसंबर 2026 तक स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया जाना प्रस्तावित था। इस आयोजन को मंडल के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में डायमंड जुबली वर्ष के रूप में मनाने की तैयारियां भी शुरू हो चुकी थीं। आयोजन के लिए लाभार्थियों की अनुमोदना भी हो चुकी थी।
मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में पाली, सिरोही, जालौर सहित पूरे जोधपुर प्रांत में बारिश के अभाव में जल संकट की स्थिति गंभीर होती जा रही है। बाली एवं बाली तहसील क्षेत्र में भी पेयजल और घरेलू उपयोग के पानी की आपूर्ति को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसी परिस्थितियों में सम्मेलन आयोजित करने से समाज एवं क्षेत्र के लोगों पर अतिरिक्त परेशानी और खर्च का भार पड़ सकता है।

मंडल ने कहा कि जैन समाज हमेशा गांव की 36 कौम के सुख-दुख में साथ खड़ा रहा है और आगे भी रहेगा। वर्तमान परिस्थितियों में पशु-पक्षियों, प्रकृति और आमजन के सामने उत्पन्न जल संकट को देखते हुए सामाजिक जिम्मेदारी को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
पदाधिकारियों ने समाजबंधुओं से अपील की है कि सम्मेलन के लिए बाली आने-जाने की टिकट अभी नहीं बनाएं। वर्ष 2027 में सम्मेलन आयोजित करने की सूचना आगामी समय में दी जाएगी।
मंडल ने जल संकट समाप्त होने और शीघ्र बारिश होने की कामना करते हुए कहा कि सामूहिक रूप से लिए गए इस निर्णय से गोड़वाड़ और मारवाड़ में सामाजिक जागरूकता का संदेश जाएगा।
यदि इस निर्णय से किसी के मन को ठेस पहुंची हो तो मंडल की ओर से “मन, काया, वचन से मिच्छामि दुक्कड़म्” कहा गया।
नरेन्द्र परमार, अध्यक्ष
विक्रम राठौड़, सचिव
श्री महावीर जैन नवयुवक मंडल (संस्थान), बाली











