बनेड़ा में सियासी धड़कनें तेज, कल खुलेगा प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा

- बनेड़ा
परमेश्वर दमामी
राजकीय महाविद्यालय में सुबह 8 बजे से होगी मतगणना, 4 टेबलों पर करीब 5 राउंड में परिणाम आने की संभावना
नगर पालिका चुनाव के तहत मैदान में उतरे प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला कल होगा। राजकीय महाविद्यालय बनेड़ा में सुबह 8 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू होगी। चुनाव परिणाम को लेकर प्रत्याशियों और समर्थकों में उत्सुकता बनी हुई है।
नगर पालिका चुनाव में कुल 8,565 मतदाताओं में से 7,170 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। अब मतपेटियों में बंद प्रत्याशियों की किस्मत कल मतगणना के दौरान खुलेगी।
चार टेबलों पर होगी मतगणना
मतगणना को सुचारू एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए कुल चार टेबलें लगाई गई हैं। मतों की संख्या को देखते हुए पूरी मतगणना करीब पांच राउंड में पूरी होने की संभावना है। मतगणना की प्रक्रिया रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल एवं सहायक अधिकारी बेनी प्रसाद की देखरेख में संपन्न होगी।
राजनीतिक खेमों में बढ़ी हलचल
मतगणना से एक दिन पहले बनेड़ा के राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी चरम पर है। भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों के खेमों में जीत-हार को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। प्रत्याशी और उनके समर्थक अपने-अपने पक्ष में परिणाम आने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। संभावित परिणामों को लेकर राजनीतिक समीकरणों पर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रशासन की ओर से मतगणना स्थल के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से मतगणना संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
अब सभी की निगाहें कल होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। मतगणना के बाद स्पष्ट हो जाएगा कि बनेड़ा नगर पालिका की सियासी बाजी किसके हाथ लगती है।











