रूडसेट संस्थान सुवाणा में आचार्य देवेंद्र डाणी ने सिखाई प्रभावशाली आवाज़ की कला

Pravin Kumar Sen
भीलवाड़ा, 9 जुलाई। रूडसेट संस्थान, सुवाणा में आयोजित पब्लिक स्पीकिंग मास्टरक्लास के दूसरे सत्र में प्रख्यात लाइफ कोच एवं पब्लिक स्पीकिंग प्रशिक्षक आचार्य देवेंद्र डाणी ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रभावशाली संवाद और वॉइस मॉड्यूलेशन की उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि सफल वक्तृत्व कला में केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि आवाज़ का उतार-चढ़ाव, सही पिच, स्पष्ट उच्चारण और उचित ठहराव भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतिभागियों को लो, मीडियम और हाई पिच के उपयोग, श्वास नियंत्रण, बोलने की गति तथा संवाद की लय बनाए रखने का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।

आचार्य डाणी ने कहा कि “प्रभावशाली वक्ता वह होता है, जो यह जानता है कि कब बोलना है और कब रुकना है।” सही समय पर लिया गया ठहराव श्रोताओं पर गहरा प्रभाव छोड़ता है और संदेश को अधिक प्रभावशाली बनाता है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मंच पर बुलाकर उनकी आवाज़, प्रस्तुति शैली और आत्मविश्वास का मूल्यांकन किया गया तथा सुधार के सुझाव दिए गए। कार्यक्रम में रूडसेट संस्थान के सत्यनारायण नागर, सुधा शर्मा सहित संस्थान के प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।











