
प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु एवं राष्ट्रसेवा के लिए विशेष पूजा-अर्चना, प्रभारी मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने लिया भाग
- भरत शर्मा
पाली। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, यश एवं अखंड राष्ट्रसेवा की मंगलकामना को लेकर बुधवार को जिले के चंडावल स्थित थानेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं वैदिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रभारी एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने सहभागिता करते हुए भगवान महादेव की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री खर्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व मंच पर एक सशक्त और अग्रणी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा में सक्रिय रहने की कामना करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास और कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजन एवं मंगलकामना प्रार्थना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में सोजत विधायक शोभा चौहान, जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, उपखंड अधिकारी सोजत मानसिंगराम, मंदिर के पुजारी, विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
सोमनाथ महादेव मंदिर में भी हुआ विशेष आयोजन
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पाली शहर स्थित सोमनाथ महादेव मंदिर में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु, आरोग्य एवं राष्ट्रसेवा के लिए विशेष पूजन, वैदिक अनुष्ठान एवं मंगलकामना प्रार्थना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, सुनील भंडारी, मंदिर के पुजारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











