जलझूलनी एकादशी पर चारभुजा नाथ की भव्य शोभायात्रा

नारायण लाल गुर्जर
गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा, तालाब की पाल पर हुआ भगवान का जलाभिषेक व पूजन
जलझूलनी एकादशी के पावन अवसर पर ग्राम खेपड़िया खेड़ा में प्रभु श्री चारभुजा नाथ की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ गाजे-बाजे से निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और भगवान के जयकारों से गांव का वातावरण भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा श्री चारभुजा ठाकुर जी मंदिर से प्रारंभ होकर गांव के मध्य से होते हुए खातियों की नाड़ी (तालाब) की पाल तक पहुंची। यहां पुजारी द्वारा प्रभु श्री चारभुजा नाथ का विधि-विधान से स्नान करवाकर पूजा-अर्चना की गई। भगवान को केला, सेव, मावा एवं मिश्री का भोग अर्पित किया गया।
इसके बाद भगवान श्री चारभुजा नाथ की झूलस गांव में निकाली गई। झूलस के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए। इसके पश्चात हनुमान जी मंदिर में हनुमान जी एवं श्री चारभुजा ठाकुर जी की आरती की गई।
अंत में प्रभु श्री चारभुजा नाथ को पुनः मंदिर में विराजमान कराया गया। इस धार्मिक आयोजन में समस्त ग्रामवासियों ने श्रद्धा के साथ भाग लेकर गांव की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगल की कामना की।











