विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग को लेकर युवाओं में जागरूकता अभियान शुरू

भरत शर्मा
स्कूल-कॉलेजों में पहुंचकर युवाओं को कार्यक्रम की दी जानकारी, अधिकाधिक पंजीकरण का आह्वान
पाली 09 सितम्बर । केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 को लेकर जिले में व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत मेरा युवा भारत, पाली की ओर से जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पहुंचकर युवाओं को कार्यक्रम के उद्देश्यों, पंजीकरण प्रक्रिया एवं प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों की जानकारी दी जा रही है।
जिला युवा अधिकारी महेश सिंह शेखावत एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक भंवर सिंह राजपुरोहित ने बांगड़ महाविद्यालय, भंसाली महाविद्यालय, राजकीय आईटीआई कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज सहित विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में युवाओं से संवाद कर विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग की चयन प्रक्रिया विभिन्न चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 क्विज का आयोजन किया जा रहा है, जो 15 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद जिले के श्रेष्ठ 10 प्रतिशत विजेताओं को अगले चरण में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
द्वितीय चरण में ऑनलाइन निबंध प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें प्रतिभागियों को 500 शब्दों में अपने विचार प्रस्तुत कर ऑनलाइन जमा करने होंगे। आगामी चरणों में चयनित विजेताओं को राज्य स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में प्रधानमंत्री के साथ संवाद करने का अवसर प्राप्त होगा।
उन्होंने युवाओं को My Bharat पोर्टल के माध्यम से अधिकाधिक संख्या में पंजीकरण कर कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यंग लीडर्स डायलॉग युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचार एवं नवाचार देश के विकास के लिए साझा करने का मंच प्रदान करता है।
कार्यक्रम पर्यवेक्षक भंवर सिंह राजपुरोहित ने बताया कि जिले में अभियान को प्रभावी बनाने के लिए शिक्षण संस्थानों में लगातार संपर्क एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने तथा अधिकाधिक पंजीकरण करवाने में सहयोग करने की अपील की।











