भीलवाड़ा में 14 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, चारों मंडलों से उमड़ेगा राष्ट्रभक्ति का सैलाब

मोनू सुरेश छीपा।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशान्त मेवाड़ा के सानिध्य में आयोजन, जिला कार्यालय पर होगा समापन; वित्त आयोग अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी करेंगे मार्गदर्शन
भीलवाड़ा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से भीलवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में 14 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशान्त मेवाड़ा के सानिध्य में आयोजित होने वाली इस यात्रा में भीलवाड़ा शहर के चारों मंडलों के कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ चारों मंडलों से अलग-अलग स्थानों से होगा। सुभाष मंडल की यात्रा मोदी ग्राउंड से सुबह 11 बजे, शास्त्री मंडल की यात्रा दूधाधारी गोपालजी मंदिर से सुबह 10:30 बजे, प्रताप मंडल की यात्रा कुंभा सर्कल स्थित रूप बदलेश्वर हनुमान मंदिर से सुबह 11 बजे तथा गणेश मंडल की यात्रा सिम्स हॉस्पिटल रोड पुलिस लाइन से सुबह 11 बजे रवाना होगी।
चारों मंडलों की यात्राएं निर्धारित मार्गों से होते हुए टंकी के बालाजी के सामने स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचेंगी, जहां तिरंगा यात्रा का समापन होगा। समापन कार्यक्रम में राजस्थान वित्त आयोग अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
भाजपा संगठन ने भीलवाड़ा शहर में निवासरत सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से अपने-अपने निर्धारित शुभारंभ स्थल पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया है। कार्यकर्ताओं से अपने इष्ट-मित्रों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल होकर आयोजन को भव्य बनाने की अपील की गई है।
तिरंगा यात्रा के फोटो सरल ऐप पर अपलोड करने के लिए भी कार्यकर्ताओं से कहा गया है। आयोजन को लेकर भाजपा के चारों मंडलों में तैयारियां की जा रही हैं।











