कार्यकर्ता समन्वय और बूथ मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी भाजपा : प्रभारी मंत्री प्रेमचंद बैरवा

मोनू सुरेश छीपा।
भीलवाड़ा, 14 अगस्त। आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में राजस्थान के उपमुख्यमंत्री एवं भीलवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री प्रेमचंद बैरवा ने शुक्रवार शाम भाजपा जिला कार्यालय में संगठनात्मक बैठक लेकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद किया। प्रभारी मंत्री ने कार्यकर्ताओं की बात गंभीरता से सुनी और चुनावी तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भाजपा जिला मीडिया संयोजक महावीर समदानी ने बताया कि बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि आगामी चुनावों में सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ मैदान में उतरें। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और बजट में किए गए प्रावधानों को धरातल तक पहुंचाने में संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि “मेरा बूथ सबसे मजबूत” के संकल्प के साथ प्रत्येक बूथ को सशक्त बनाना होगा। वार्ड प्रभारी अपने-अपने वार्डों में जाकर वरिष्ठ भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से संपर्क करें और स्थानीय स्तर पर फीडबैक प्राप्त कर संगठन को मजबूत करें।
दो से अधिक संतान वालों के चुनाव लड़ने का रास्ता साफ
प्रभारी मंत्री ने कहा कि भजनलाल सरकार ने पंचायती राज एवं स्थानीय निकाय चुनावों में दो से अधिक संतान वाले लोगों के चुनाव लड़ने पर लगी बाध्यता को समाप्त करने की दिशा में बड़ा बदलाव किया है। इससे अधिक लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आगामी पंचायती राज एवं शहरी स्थानीय निकाय चुनाव “वन स्टेट, वन इलेक्शन” की अवधारणा के अनुरूप करवाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। अलग-अलग समय पर चुनाव होने से विकास कार्य प्रभावित होते हैं, इसलिए एक साथ चुनाव की व्यवस्था से प्रशासनिक एवं विकास कार्यों में गति आएगी।

वार्ड स्तर पर बनेगा मजबूत पैनल
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी वार्ड प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे संबंधित वार्डों में जाकर वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात करें, जमीनी फीडबैक लें तथा योग्य कार्यकर्ताओं के नामों का उचित पैनल तैयार कर कमेटी के समक्ष प्रस्तुत करें।
उन्होंने कहा कि प्राप्त पैनलों के आधार पर पार्टी की आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
बैठक में आगामी निकाय चुनावों को देखते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की बजट घोषणाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को बूथ स्तर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और चुनावी तैयारियों को लेकर जोश नजर आया।
संगठनात्मक बैठक में मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा, सहाड़ा विधायक लादूलाल पीतलिया, पूर्व सांसद सुभाष बहोड़िया, पूर्व महापौर राकेश पाठक, भाजपा जिला महामंत्री प्रहलाद त्रिपाठी, अविनाश जीनगर, कन्हैयालाल जाट सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











