‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम के तहत 773 भैया-बहनों एवं महिला-पुरुषों ने किया सामूहिक गायन

फालना। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम के अंतर्गत फालना नगर में तीन स्थानों पर सामूहिक वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम आयोजित किए गए। निर्धारित समय पर आयोजित इन कार्यक्रमों में कुल 773 भैया-बहनों, कर्मचारियों एवं महिला-पुरुषों ने सहभागिता करते हुए सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया।
पहला कार्यक्रम पीएम श्री महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय के सरस्वती सभागार, खुडाला में प्रातः 11 बजे आयोजित हुआ। कार्यक्रम के संयोजक आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक फालना के प्रधानाचार्य मनोहर रावल रहे। उन्होंने अतिथियों का स्वागत एवं परिचय करवाया।
इस अवसर पर राजेश पुरी, प्रधानाचार्य, महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय, खुडाला; कविता गहलोत, प्रधानाचार्या, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, फालना; पर्यवेक्षक एवं जिला समिति संपर्क प्रमुख जयचंद गोलेछा सहित जिला समिति एवं आदर्श विद्या मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारी तथा नगर के गणमान्य महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता श्री जैलेश कुमार जी ने वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इसके इतिहास एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में 613 महिला-पुरुष एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। ठीक प्रातः 11 बजे सभी ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया।
दूसरा कार्यक्रम नोबल स्कूल, सांडेराव रोड, फालना में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के संयोजक नोबल स्कूल के व्यवस्थापक अनंत नारायण सिंह जी रहे। इस अवसर पर मुकेश शर्मा, प्रधानाचार्य, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, दुजाना उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता उगम सिंह पंवार, सेवानिवृत्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, ने वंदे मातरम् के इतिहास एवं इसके राष्ट्रीय महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम में 91 भैया-बहनों, कर्मचारियों एवं महिला-पुरुषों ने सहभागिता की तथा सभी ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया।

तीसरा कार्यक्रम राजपुरोहित छात्रावास, फालना में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के संयोजक छात्रावास अधीक्षक श्री गुमान सिंह रहे। मुख्य वक्ता नारायण सिंह राजपुरोहित, सेवानिवृत्त व्याख्याता, ने वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व एवं राष्ट्रजीवन में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में साक्षी के रूप में दलपत राज चौधरी, प्रधानाचार्य, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बाली उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 69 भैया एवं महिला-पुरुषों ने सहभागिता की और सभी ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद, महावीर इंटरनेशनल, व्यापार मंडल, रेडक्रॉस सोसायटी सहित नगर की विभिन्न सामाजिक एवं सेवा संस्थाओं के प्रतिनिधियों की सहभागिता रही। इसके साथ ही सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों के संचालक एवं प्रधानाचार्य, नगर के प्रबुद्धजन, मातृशक्ति तथा भैया-बहनों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
तीनों कार्यक्रमों में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय चेतना का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों को वंदे मातरम् के इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन में इसके योगदान तथा राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्रभावना के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।











