बेड़ा चौकी प्रभारी तेजसिंह जोधा मय जाब्ता मौके पर पहुंचे, पुलिस ने शुरू की जांच

डी.के. देवासी
सेणा गांव में देवगिरी माताजी मंदिर धर्मशाला से बर्तन चोरी
सेणा गांव की पहाड़ियों के बीच स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक श्री देवगिरी माताजी मंदिर की धर्मशाला से बर्तन चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बेड़ा चौकी पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात देवासी समाज के मारुआ परिवार की कुलदेवी श्री देवगिरी माताजी मंदिर परिसर में स्थित धर्मशाला में चोरी की वारदात हुई। सुबह पुजारी मंदिर पहुंचे तो धर्मशाला के मुख्य द्वार के ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखने पर बर्तन इधर-उधर बिखरे पड़े थे।

पुजारी ने तत्काल आसपास के लोगों एवं पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही बेड़ा चौकी प्रभारी तेजसिंह जोधा मय जाब्ता घटनास्थल पर पहुंचे और मौका-मुआयना कर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की जा रही है। साथ ही मंदिर एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अज्ञात चोरों का सुराग मिल सके।
फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है तथा चोरी की घटना को लेकर जांच जारी है।











