रानी में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को सुदृढ़ बनाने हेतु कार्यशाला आयोजित, डब्ल्यूएचओ विशेषज्ञ ने दिए दिशा-निर्देश

Bharat Sharma
रानी। स्थानीय पंचायत समिति सभागार में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग रानी द्वारा नियमित टीकाकरण (आरआई) कार्यक्रम की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की विशेषज्ञ डॉ. कीर्ति ने भाग लेकर टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
कार्यशाला के दौरान नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति, सत्र आयोजन, टीकाकरण कवरेज, ड्यू लिस्ट प्रबंधन, ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान एवं छूटे हुए लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. कीर्ति ने कार्यक्रम की गुणवत्ता सुधारने, माइक्रोप्लान के प्रभावी क्रियान्वयन तथा फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।
ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओजस रावल ने बताया कि नियमित टीकाकरण गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को विभिन्न गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने कार्यक्षेत्र में प्रत्येक गर्भवती महिला एवं पात्र बच्चे का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा या गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे, इसके लिए घर-घर संपर्क, ड्यू लिस्ट के अनुसार नियमित फॉलोअप तथा छूटे हुए लाभार्थियों की पहचान कर समय पर टीकाकरण कराया जाए।
कार्यशाला में ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य अधिकारी, चिकित्सा प्रभारी, एलएचवी, एएनएम, आशा सहयोगिनी एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का संकल्प लिया।











