क्षतिग्रस्त टांके व शौचालय निर्माण की मांग, संस्थाप्रधान ने सीबीईओ को सौंपा ज्ञापन

भरत शर्मा
पाली, 3 अगस्त। राजकीय प्राथमिक विद्यालय गांधी नगर में विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर सोमवार को संस्थाप्रधान ने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय परिसर में स्थित क्षतिग्रस्त पानी के टांके की मरम्मत तथा नए शौचालय निर्माण की मांग की। संस्थाप्रधान ओम प्रकाश भाटी ने ज्ञापन में बताया कि विद्यालय परिसर में स्थित पानी का टांका लंबे समय से खुला एवं क्षतिग्रस्त अवस्था में है। टांके के आसपास प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए टांके की तत्काल मरम्मत कर उसे सुरक्षित कराया जाना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि टांके के सामने स्थित शौचालय भी जर्जर एवं अनुपयोगी स्थिति में है। विद्यालय परिसर में बच्चे प्रतिदिन खेलकूद एवं अन्य गतिविधियां करते हैं, जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। साथ ही विद्यालय में पर्याप्त एवं सुरक्षित शौचालय सुविधा उपलब्ध नहीं होने से विद्यार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संस्थाप्रधान ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि आगामी दिनों में विद्यालय को मतदान केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है। चुनाव के दौरान बड़ी संख्या में मतदान कर्मियों एवं मतदाताओं का विद्यालय परिसर में आवागमन रहेगा। ऐसे में क्षतिग्रस्त टांका एवं शौचालय की जर्जर स्थिति प्रशासन के लिए भी चुनौती बन सकती है तथा मतदान व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहेगी।
उन्होंने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से विद्यार्थियों की सुरक्षा, विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए क्षतिग्रस्त टांके की तत्काल मरम्मत करवाने एवं नए शौचालय के निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृति एवं बजट उपलब्ध कराने की मांग की है। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि विद्यार्थियों के हित एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभाग शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा, जिससे विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।











