सरकारी स्कूल और पंचायत समिति के पास जलभराव से ग्रामीण बेहाल, नाली निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

Prabhu Lal Lohar
गांगलास। गांव में नाली निर्माण के बावजूद गंदे पानी की निकासी की समस्या दूर होने के बजाय और गंभीर होती नजर आ रही है। नाली का निर्माण सही तरीके से नहीं होने के कारण घरों और आसपास का गंदा पानी मेन रोड पर फैल रहा है। सड़क पर जमा गंदे पानी से राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि सरकारी स्कूल और पंचायत समिति के निकट ही सड़क पर गंदा पानी जमा होकर व्यवस्था की पोल खोल रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि नाली निर्माण के समय पानी की निकासी के लिए पर्याप्त ढलान और उचित व्यवस्था नहीं की गई। नतीजा यह हुआ कि नाली में बहने वाला पानी आगे निकलने के बजाय जगह-जगह रुककर सड़क पर फैल रहा है। कई स्थानों पर कीचड़ और गंदगी के कारण लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है।
बच्चों को गंदे पानी के बीच से गुजरने की मजबूरी
सरकारी स्कूल के पास जलभराव होने से सबसे ज्यादा परेशानी विद्यार्थियों को उठानी पड़ रही है। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को गंदे पानी और कीचड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों ने कहा कि स्कूल और पंचायत समिति जैसी सार्वजनिक जगहों के आसपास ही यदि इस तरह गंदा पानी जमा रहेगा तो जिम्मेदारों की विकास व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
सरपंच से लेकर अधिकारियों तक पहुंची शिकायत, फिर भी समाधान नहीं
ग्रामीणों के अनुसार समस्या को लेकर कई बार सरपंच एवं संबंधित उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है। ग्रामीणों ने नाली की स्थिति सुधारने और गंदे पानी की उचित निकासी करवाने की मांग भी की, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि जब समस्या की जानकारी जिम्मेदारों को कई बार दी जा चुकी है, तो आखिर कार्रवाई के लिए किसका इंतजार किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि नाली निर्माण में यदि सही ढलान और तकनीकी व्यवस्था की गई होती तो पानी सड़क पर नहीं फैलता।
बारिश में बढ़ सकती है परेशानी, स्थायी समाधान की मांग
ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर नाली निर्माण की गुणवत्ता, ढलान और पानी निकासी व्यवस्था की जांच करें। साथ ही जहां कमी है, वहां नाली को दुरुस्त करवाकर गंदे पानी की स्थायी निकासी सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बारिश के दौरान मेन रोड पर जलभराव और बढ़ सकता है। इससे स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों के साथ आम राहगीरों की परेशानी भी बढ़ेगी। अब देखना यह है कि ग्रामीणों की बार-बार शिकायत के बाद जिम्मेदार कब जागते हैं और मेन रोड पर बहते गंदे पानी से ग्रामीणों को कब राहत मिलती है।











