विश्व पर्यावरण दिवस पर स्कूली बच्चों ने जाना सीवरेज ट्रीटमेंट का विज्ञान, मंडिया रोड एसटीपी प्लांट का किया शैक्षणिक भ्रमण

Bharat sharma rani
पाली, 06 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम पाली द्वारा मंडिया रोड स्थित 7.50 एमएलडी एवं 15 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में स्कूली बच्चों के लिए विशेष एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को सीवरेज ट्रीटमेंट की प्रक्रिया, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अभियंता कलीम अशरफ ने बच्चों को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि घरों एवं अन्य स्थानों से निकलने वाला गंदा पानी विभिन्न चरणों से गुजरकर शुद्ध किया जाता है। उपचारित जल का उपयोग बागवानी, हरित क्षेत्र विकास एवं औद्योगिक कार्यों में किया जाता है, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलता है।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को इनलेट चैम्बर, स्क्रीनिंग यूनिट, एरिएशन टैंक, सेकेंडरी क्लेरिफायर तथा स्लज ड्राइंग बेड सहित प्लांट की विभिन्न इकाइयों का अवलोकन कराया गया। पीआईयू टीम के कर्मचारियों ने प्रत्येक यूनिट की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन करते हुए सीवेज शोधन की तकनीकी प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया।

अधिशासी अभियंता ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने घर-परिवार और आसपास के लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करें तथा सीवर लाइनों में प्लास्टिक और ठोस कचरा नहीं डालने का संदेश दें। उन्होंने कहा कि “जल ही जीवन है” और इसकी प्रत्येक बूंद का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
नगर निगम आयुक्त के निर्देशानुसार पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 07 जून से 12 जून तक शहरभर में जन जागरूकता एवं जनभागीदारी अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों, रैलियों और जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
नगर निगम पाली ने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण के निर्माण में जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में सुधाकर स्कूल के अध्यापक राहुल मिश्रा, पीआईयू टीम प्रभारी मिथुन कुमार, एसटीपी प्लांट के सुपरवाइजर तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।











