स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, बागोर-मांडल में मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव

सत्यनारायण सेन
बागोर। स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, मांडल-बागोर में जन्माष्टमी पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण के जीवन, बाल लीलाओं और शिक्षाओं पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य मनीष गडवाल ने की और मुख्य अतिथि ओम प्रकाश सेनी रहे। शुभारंभ पूजन एवं मंगलाचरण से हुआ।

विद्यार्थियों ने बाल कृष्ण वेशभूषा प्रतियोगिता, नृत्य, भजन और भक्तिगीत प्रस्तुत किए। सुमन जीनगर ने श्रीकृष्ण जन्म, गीता उपदेश और जयद्रथ वध जैसे प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों को सत्य, धर्म और कर्म का महत्व बताया। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका सुमन जीनगर, कीर्ति परिहार एवं हुसैन ने निभाई। विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम प्रभारी नेहा शर्मा रहीं और मंच संचालन सुरभि जोशी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। समापन पर प्राचार्य मनीष गडवाल ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में संस्कृति, संस्कार और रचनात्मकता का विकास करते हैं। कार्यक्रम भक्ति, ज्ञान और उत्साह के साथ संपन्न हुआ.











