ग्रामीण सेवा शिविर में मिली राहत, इन्द्रा देवी का पक्का घर का सपना हुआ साकार

प्रभुलाल लोहार
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आमजन को त्वरित राहत एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत चीड़खेड़ा में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर अनेक योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
शिविर की सबसे प्रेरणादायक कहानी ग्राम चीड़खेड़ा निवासी इन्द्रा देवी बैरवा के परिवार की रही। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवास मिलने से उनका वर्षों पुराना पक्के घर का सपना पूरा हो गया। पहले परिवार जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर था, जहां बरसात के दौरान छत टपकती थी और जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता था। अब पक्का मकान बनने से परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिला है। इन्द्रा देवी ने सरकार एवं प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके परिवार की जिंदगी बदल दी।

शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किए गए। पशुपालन विभाग ने मंगला पशु बीमा पॉलिसियों का वितरण कर पशुपालकों को लाभान्वित किया। पंचायतीराज विभाग ने ग्राम निवासी मिठू जाट को करीब एक वर्ष से लंबित पुश्तैनी पट्टा सौंपकर राहत प्रदान की।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जरूरतमंदों को पोषण किट वितरित की। वहीं राजस्व विभाग ने एक बंटवारा प्रकरण, 25 एफआरसी प्रकरण तथा 5 नामांतरण मामलों का निस्तारण किया। साथ ही आबादी विस्तार एवं भूमि आवंटन से जुड़े दो प्रस्ताव भी तैयार किए गए।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया। ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ मिलने पर संतोष व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर, विकास अधिकारी गजेन्द्र सिंह, तहसीलदार वीरेन्द्र सिंह, सरपंच संतोंकी देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











