तारदेव, मुंबई में 24 जुलाई को ऐतिहासिक चातुर्मास मंगल प्रवेश हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न

Vikram B Rathod
मुंबई, 24 जुलाई। तारदेव स्थित मूर्तिपूजक जैन संघ में परम पूज्य उपाध्याय गुरुभगवंत श्री अनंतचंद्र विजय महाराज साहेब एवं संगीत प्रेमी श्री अरिहंतचंद्र विजय महाराज साहेब का भव्य चातुर्मास मंगल प्रवेश श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
यह मंगल प्रवेश परम पूज्य पंजाब केसरी विजय वल्लभ सूरी महाराज साहेब, परम पूज्य परमार क्षत्रिय उद्धारक श्री विजय इन्द्रदिन्न सूरी महाराज साहेब तथा परम पूज्य आचार्य श्री विजय रत्नाकर सूरी महाराज साहेब की दिव्य कृपा एवं वर्तमान गच्छाधिपति आचार्य श्री धर्मधुरंधर सूरी महाराज साहेब के शुभ आशीर्वाद से सम्पन्न हुआ।

24 जुलाई को आयोजित इस ऐतिहासिक मंगल प्रवेश के पश्चात तालमकी वाड़ी में धर्मसभा का आयोजन हुआ, जहाँ गुरुभगवंत के सान्निध्य में जाहिर प्रवचन का लाभ श्रद्धालुओं ने प्राप्त किया। प्रातःकाल गुलाब महल में नवकारसी का आयोजन भी हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
चातुर्मास मंगल प्रवेश के अवसर पर भारत के विभिन्न राज्यों एवं शहरों से हजारों गुरु भक्त एवं श्रद्धालु पधारे। पंजाब, लुधियाना, दिल्ली, राजस्थान, सेवाड़ी, ठाणे, बाली, गोरेगांव, फोर्ट (बोरा बाजार), बड़ौदा, भायंदर, सादड़ी सहित अनेक स्थानों से आए श्रद्धालुओं ने गुरुभगवंत के दर्शन कर उनके मुखारविंद से मंगलिक श्रवण किया तथा धर्मलाभ प्राप्त किया।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन का अनुपम संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने गुरुभगवंत के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त करते हुए चातुर्मास के शुभारंभ पर हर्ष व्यक्त किया।
निमंत्रक: आदिनाथ जैन मंदिर, सोनावाला बिल्डिंग, तारदेव, मुंबई।











