गुरुपूर्णिमा पर भारतमाता आश्रम नोहर में भक्ति का महासंगम, होंगे देवपूजन, हवन, सत्संग व गुरु पादुका पूजन

महंत योगी रामनाथ अवधूत ने श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की
नोहर, हनुमानगढ़। गुरु-शिष्य परंपरा के पावन पर्व गुरुपूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर स्थानीय भारतमाता आश्रम, नोहर में बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ भव्य धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। आश्रम परिसर में दिनभर चलने वाले विभिन्न आध्यात्मिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संतों एवं आश्रम से जुड़े कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। आश्रम के महंत योगी रामनाथ अवधूत ने बताया कि गुरुपूर्णिमा महोत्सव की शुरुआत प्रातःकाल से ही देवपूजन, समाधि पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन एवं गुरु पादुका पूजन से होगी।
इसके पश्चात प्रातः लगभग 10 बजे श्रद्धालु एवं आश्रम के कार्यकर्ता सामूहिक देवपूजन, सत्संग एवं धर्म चर्चा में भाग लेंगे। इस दौरान गुरु-शिष्य परंपरा, सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक साधना तथा मानव जीवन में गुरु के महत्व पर विचार-विमर्श किया जाएगा। महंत योगी रामनाथ अवधूत ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले शिक्षक नहीं, बल्कि जीवन को सत्य, सेवा और साधना के मार्ग पर अग्रसर करने वाले मार्गदर्शक होते हैं।
गुरुपूर्णिमा का पर्व भारतीय संस्कृति में गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। इस दिन श्रद्धालु अपने गुरु का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं तथा धर्म, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं। महोत्सव के समापन पर आश्रम की ओर से सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। आश्रम प्रशासन ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं आमजन से इस पावन अवसर पर अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाने तथा गुरु कृपा एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का लाभ प्राप्त करने की अपील की है।











