बारिश भी नहीं रोक सकी शिवभक्तों की आस्था, त्रिदेव महादेव मंदिर में प्रथम सावन सोमवार को उमड़ा जनसैलाब हजारो की संख्या में पहुचे भक्त

गौतम सुराणा कंवलियास
रातभर पहुंचते रहे कांवड़िए, हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक; ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र
कंवलियास। सावन माह के प्रथम सोमवार को त्रिदेव महादेव मंदिर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। रात्रि से ही हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए मंदिर पहुंचने लगे। प्रातःकाल होते-होते मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से पूरी तरह भर गया तथा दर्शन के लिए लंबी-लंबी कतारें लग गईं।लगातार हो रही बारिश के बावजूद शिवभक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। क्षेत्र के विभिन्न गांवों और पवित्र तीर्थस्थलों से कांवड़िए डीजे, भजन-कीर्तन और “बोल बम” के जयघोष के साथ पैदल यात्रा करते हुए त्रिदेव महादेव मंदिर पहुंचे। अनेक श्रद्धालुओं ने डाक कांवड़ के माध्यम से पवित्र जल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा।

भजन-कीर्तन, शिव आराधना और धार्मिक आयोजनों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। छोटे बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित हर आयु वर्ग के श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा-अर्चना की।सैकड़ों पदयात्री कई किलोमीटर पैदल चलकर मंदिर पहुंचे। बारिश में भीगते हुए श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ जलाभिषेक किया।मंदिर मार्ग पर दो से तीन किलोमीटर जाम लग गया मंदिर परिसर में दिनभर दर्शन का क्रम लगातार जारी रहा। भीड़ को देखते हुए युवा कार्यकर्ताओ ,पुलिस प्रशासन ने दिनभर व्यवस्थाएं संभालीं, ।सावन के प्रथम सोमवार पर उमड़ी श्रद्धालुओं की विशाल भीड़ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि त्रिदेव महादेव मंदिर क्षेत्र ही नहीं, बल्कि दूर-दराज़ से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।










