चंबल की पाइपलाइन में बड़ा लीकेज, हजारों लीटर पानी नाले में बहा

मोनू सुरेश छीपा
राजस्थान जन मंच की टीम ने मौके पर पहुंचकर जलदाय विभाग की तकनीकी टीम को बुलवाया, लीकेज कराया दुरुस्त
भीलवाड़ा, 10 जुलाई। शहर के आजाद नगर क्षेत्र में महाप्रज्ञ सर्किल से आगे चंबल की पाइपलाइन में वाल्व के पास बड़ा लीकेज होने से हजारों लीटर पानी लगातार बहकर नाले में जा रहा था। सूचना मिलने पर राजस्थान जन मंच की टीम ने मौके पर पहुंचकर लीकेज को दुरुस्त करवाया, जिससे पानी की बर्बादी रुक गई।
आस-पास रहने वाले लोगों एवं समाजसेवी जयनारायण जोशी ने पाइपलाइन में हो रहे लीकेज की सूचना भाजपा नेता एवं राजस्थान जन मंच अध्यक्ष कैलाश सोनी को दी। सूचना मिलते ही सोनी मौके पर पहुंचे और चंबल की तकनीकी टीम को बुलवाकर पाइपलाइन के लीकेज को दुरुस्त करवाया।
लगातार पानी बहने के कारण बड़ी मात्रा में चंबल का पानी नाले में जा रहा था। समय रहते लीकेज ठीक होने से हजारों लीटर पानी व्यर्थ बहने से बच गया।
इस दौरान शिव प्रकाश चन्नाल, सुभाष गोयल, रामचंद्र मूंदड़ा, देवेंद्र गोयल, जगदीश सेन, दीपक चन्नाल सहित राजस्थान जन मंच के कार्यकर्ता एवं सदस्य मौजूद रहे।











