त्रिवेणी धाम से पथिक नगर तक गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, वीर बजरंगी अखाड़े की डाक कांवड़ यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

प्रभुलाल लोहार
भीलवाड़ा। सावन के पावन महीने में सोमवार को शहर में भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। वीर बजरंगी अखाड़ा, पथिक नगर की ओर से भव्य डाक कांवड़ यात्रा निकाली गई। त्रिवेणी धाम से शुरू हुई यह यात्रा पवित्र जल लेकर नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, पथिक नगर पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, अखाड़े के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सुबह से ही यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। कांवड़ लेकर निकले श्रद्धालुओं ने पूरे रास्ते भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाए। ‘हर हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया। युवाओं ने पूरे मार्ग में अनुशासन और जोश के साथ यात्रा को आगे बढ़ाया।
त्रिवेणी से जल लेकर पहुंचे नर्मदेश्वर महादेव मंदिर
श्रद्धालु त्रिवेणी धाम से पवित्र जल लेकर डाक कांवड़ के रूप में नर्मदेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि, खुशहाली और परिवारों की मंगलकामना की।
युवाओं में दिखा खासा उत्साह
डाक कांवड़ यात्रा में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भगवा रंग में नजर आए अखाड़े के सदस्य और श्रद्धालु पूरे रास्ते शिवभक्ति में लीन रहे। जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने यात्रा को भक्तिमय माहौल में पूरा किया। वीर बजरंगी अखाड़े की ओर से आयोजित इस धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में आस्था, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया। यात्रा के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का आशीर्वाद लिया और आगामी दिनों में भी धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया।











