एक बाइक पर तीन विद्यार्थी, बिना हेलमेट—यातायात जागरूकता पर उठे सवाल

शुभम शर्मा
भीलवाड़ा। शंकरगढ़ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शंकरगढ़ के बाहर सामने आई एक तस्वीर ने विद्यार्थियों की सड़क एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तस्वीर में तीन विद्यार्थी एक ही बाइक पर सवार होकर विद्यालय से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि बाइक सवार किसी भी विद्यार्थी ने हेलमेट नहीं पहन रखा है।
इस तस्वीर के सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या विद्यालय में विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति प्रभावी रूप से जागरूक किया जा रहा है। एक बाइक पर तीन सवारियां बैठना और बिना हेलमेट वाहन चलाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है।
यदि विद्यार्थियों को नियमित रूप से सड़क सुरक्षा, हेलमेट के उपयोग और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जाए, तो इस तरह की घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है। विद्यालय प्रशासन एवं अभिभावकों को भी इस दिशा में विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि विद्यार्थी स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।











