
भरत शर्मा
लक्की कूपन विजेताओं को बांटे पुरस्कार, प्रथम विजेता को मिला 10 ग्राम चांदी का सिक्का
बिजोवा। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर मेन बाजार बिजोवा में श्री कृष्ण मंडल के तत्वावधान में दही हांडी कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं भक्तिमय माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों एवं युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण कृष्णमय हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत लक्की कूपन के विजेताओं को पारितोषिक वितरण के साथ हुई। लक्की कूपन में प्रथम विजेता को स्वर्गीय गजराज जैन राणावत की स्मृति में 10 ग्राम चांदी का सिक्का प्रदान किया गया।
पुरस्कार प्राप्त करने वाले विजेताओं में खुशी का माहौल रहा तथा आयोजन समिति द्वारा सभी विजेताओं को शुभकामनाएं दी गईं।
इसके बाद मुख्य आकर्षण दही हांडी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दही हांडी फोड़ने के लिए जूनियर दल एवं सीनियर दल के प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। युवाओं ने एक-दूसरे का सहयोग करते हुए मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर लटकाई गई दही हांडी तक पहुंचने का प्रयास किया।


हांडी फोड़ने के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों एवं श्रीकृष्ण के जयकारों से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। जैसे ही प्रतिभागियों ने दही हांडी फोड़ी, पूरा कार्यक्रम स्थल ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। युवाओं के उत्साह और श्रद्धालुओं की भक्ति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। आयोजन के दौरान बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह नजर आया। जूनियर दल के प्रतिभागियों ने भी पूरे जोश के साथ दही हांडी में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वहीं सीनियर दल ने भी दमखम दिखाते हुए दही हांडी फोड़ने का प्रयास किया। कार्यक्रम देखने के लिए मेन बाजार एवं आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
मंडल कार्यकर्ताओं का रहा विशेष सहयोग कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री कृष्ण मंडल के अरविन्द शर्मा, विशाल सिंह, बालचंद सेन, लीलाधर शर्मा, भरत उपाध्याय,खुश शर्मा ,सुकन भाटी,देवेन्द्र सिंह,श्याम शर्मा एवं कमलेश जैन सहित मंडल के कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यकर्ताओं ने आयोजन की व्यवस्थाओं को संभालते हुए कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाई। दही हांडी कार्यक्रम के दौरान पूरा मेन बाजार उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में भाग लेकर जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं। आयोजन समिति की ओर से सभी सहयोगकर्ताओं एवं कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया। श्री कृष्ण मंडल के इस आयोजन ने बिजोवा में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और युवाओं के उत्साह का सुंदर संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण से क्षेत्र में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।











