जिला स्तरीय जूडो प्रतियोगिता का आयोजन गाडरमाला में कल से, छात्र-छात्राएं दिखाएंगे जूडो में दमखम

प्रवीण सेन।
शिक्षा विभाग के आदेशानुसार सत्र 2026-27 की 70वीं जिला स्तरीय जूडो प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गाडरमाला के तत्वावधान में किया जाएगा। प्रतियोगिता में 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राएं जूडो में अपना दमखम दिखाएंगे।
आयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य जयवर्धन हावा ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियां ग्रामवासियों एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सहयोग से पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए भामाशाहों के सहयोग से भोजन एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों का पंजीयन 23 सितंबर को किया जाएगा। इसके बाद प्रतियोगिता का उद्घाटन 24 सितंबर को होगा, जबकि प्रतियोगिता का समापन 27 सितंबर को किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न विद्यालयों से पहुंचने वाले खिलाड़ी जूडो के मुकाबलों में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।











