योग से स्वस्थ समाज का संकल्प, जसमीत कौर सलूजा बनीं जनजागरूकता की मिसाल

प्रवीण सेन।
योग को केवल व्यायाम न मानकर स्वस्थ, संतुलित एवं संस्कारित जीवनशैली के रूप में जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जसमीत कौर सलूजा, ब्यावर लगातार जनजागरूकता अभियान चला रही हैं। महिला जागरूकता एवं सामाजिक उत्थान के साथ योग के प्रचार-प्रसार में उनके प्रयास उल्लेखनीय हैं। महिला पतंजलि योग समिति की जिला प्रभारी एवं व्यापार योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की सचिव के रूप में सलूजा वर्षों से योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय हैं।

उनके प्रयासों से 25 हजार से अधिक लोग योगाभ्यास से जुड़ चुके हैं। विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क योग शिविर एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को नियमित योग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। योग एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। सलूजा का उद्देश्य योग को हर वर्ग तक पहुंचाकर स्वस्थ, जागरूक और संस्कारित समाज का निर्माण करना है। उनका कहना है कि, “योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति, परिवार और समाज को स्वस्थ एवं संस्कारित बनाने की सशक्त जीवनशैली है।”











