गुरलां में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, ‘दो बूंद जिंदगी की’ से सुरक्षित हुए नौनिहाल

Satynarayan Sen
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को गुरलां कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में ‘दो बूंद जिंदगी की’ अभियान का उत्साहपूर्वक शुभारंभ हुआ। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निर्देशन में राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उप-स्वास्थ्य केंद्रों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों पर स्थापित पोलियो बूथों पर जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। अभियान का शुभारंभ स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों एवं अतिथियों ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर किया।
बूथों पर उमड़ी अभिभावकों की भीड़
सुबह 8 बजे से ही पोलियो बूथों पर बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पहुंचे। भीषण गर्मी के बावजूद ग्रामीणों ने उत्साह के साथ अभियान में भाग लिया। एएनएम, आशा सहयोगिनियों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के साथ उनकी उंगली पर स्याही का निशान भी लगाया, जिससे दवा पिलाए गए बच्चों की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
-
कोडलाई को हराकर कल्याणपुरा बना सुपर संडे क्रिकेट टूर्नामेंट का चैंपियनSeptember 21, 2026
विशेष टीमों ने दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच बनाई
चिकित्सा विभाग ने कंस्ट्रक्शन साइट, ईंट भट्ठों, कृषि फार्मों तथा घुमंतू एवं गाड़िया लोहार परिवारों के बच्चों तक पहुंचने के लिए विशेष मोबाइल टीमों का गठन किया। इन टीमों ने अस्थायी बस्तियों और दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर बच्चों को मौके पर ही पोलियो की दवा पिलाई, ताकि कोई भी बच्चा अभियान से वंचित न रहे।
सोमवार से घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रविवार को बूथ स्तर पर अभियान के बाद सोमवार और मंगलवार को घर-घर सर्वे अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मी प्रत्येक वार्ड, गली और मोहल्ले में जाकर बच्चों की उंगली पर लगे निशान की जांच करेंगे। यदि कोई बच्चा किसी कारणवश रविवार को पोलियो की खुराक नहीं ले पाया है, तो उसे घर पर ही दवा पिलाई जाएगी। विभाग का लक्ष्य क्षेत्र के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचकर शत-प्रतिशत पोलियो टीकाकरण सुनिश्चित करना है।











