फतहनगर में आदर्श जीवन निर्माण व व्यक्तित्व विकास शिविर का हुआ समापन

Ghevarchand Arya
फतहनगर, उदयपुर। फतहनगर स्थित फतह एकेडमी उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 6 दिवसीय “आदर्श जीवन निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास शिविर” का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। शिविर के मुख्य प्रशिक्षक जीवनलाल आर्यवीर ने 6 दिन तक नियमित बालक-बालिकाओं को संगीत की धुन पर प्राणायाम, सूक्ष्म क्रियाएं, योगासन, हास्यासन, सिंहासन एवं विभिन्न प्रकार के स्फूर्तिदायक व्यायामों का गहन प्रशिक्षण दिया। गुरु-शिष्य परम्परा के तहत बच्चों ने पूरे मनोयोग से सभी अभ्यास सीखे और प्रतिदिन योग करने का संकल्प लिया।

आज समापन अवसर पर बच्चों ने 6 दिनों में सीखे गए योग और व्यायामों का अभिभावकों व दर्शकों के समक्ष शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों का प्रदर्शन देखकर अभिभावक भाव-विभोर हो उठे और प्रशिक्षक की मुक्तकंठ से सराहना करते नजर आये। कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक डॉ. अजय जैन ने योग, प्राणायाम और यौगिक क्रियाओं के जीवन में महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग से बच्चों का शारीरिक, मानसिक और चारित्रिक विकास होता है। संचालन जयेश श्रीमाली ने किया। शिविर की सफलता में विद्यालय के समस्त स्टाफ का सहयोग रहा। अंत में सामूहिक ‘ओ३म्’ उच्चारण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।











