कानून व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, रामदेवरा व परशुराम महादेव मेले, और अवैध खनन आदि के बारे मे दिये आवश्यक निर्देश, जिला कलेक्टर ने ली विभागीय बैठक

भरत शर्मा
पाली, 31 जुलाई। जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट पाली की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में जिले की कानून व्यवस्था विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विभागीय समन्वय एवं समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी निकाय चुनावों की तैयारियों, सड़क सुरक्षा, अतिक्रमण हटाने, रामदेवरा एवं परशुराम महादेव मेले की व्यवस्थाओं, अवैध खनन, तथा विभिन्न विभागों के समन्वय की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर ने जिले के सभी उपखंड एवं ब्लॉक अधिकारियों से उनके क्षेत्र के बारे में जानकारी ली व आने वाले दिनों में उसकी तैयारियों एवं व्यवस्थाओं प्रत्येक विषय पर बारी-बारी से समीक्षा करते हुए समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आगामी निकाय चुनावों को लेकर संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, शस्त्र जमा कराने की प्रक्रिया, सीएलजी बैठकों का आयोजन, विभागीय समन्वय तथा मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन रिपोर्ट व अन्य सभी इंतजामों के लिये निर्देश दिये।
सड़क सुरक्षा, अतिक्रमण हटाने व अवैध खनन रोकथाम के लिये दिये निर्देश
जिला कलेक्टर ने सडक सुरक्षा में दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करने यातायात विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। राजमार्गों पर संकेतक बोर्ड, रिफ्लेक्टर, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान तथा निराश्रित पशुओ को गौशालाओ में भेजने के लिये निर्देश दिये। इसी प्रकार अवैध खनन रोकथाम व अतिक्रमण हटाने के लिये निर्देश दिये।
रामदेवरा मेले व परशुराम महादेव मेले में विभिन्न व्यवस्थाये सुनिश्चित करने के निर्देश
रामदेवरा पैदल यात्रियों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता एवं भंडारों की व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। जिला कलेक्टर ने भंडारों के लिए एनओसी, भण्डारों के लिये निर्धारित दूरी, गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छता बनाए रखने तथा नवाचार के तहत बाइक सवार श्रद्धालुओं को हेलमेट वितरित कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही रामरसोड़ों, हाईवे पर सफाई, कचरा निस्तारण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिये व परशुराम महादेव मेले के लिए सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। बैठक में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी क्रियान्वयन के लिये निर्देश दिए।

ब्लॉकवार व्यवस्थाओं की समीक्षा
बैठक में जिला कलक्टर ने सभी ब्लॉक अधिकारियो से चर्चा कर वहां के मुख्य समस्याओ व आगामी दिनों के कार्याे की जानकारी लेकर निर्देश दिये। पाली, रोहट, सोजत, सुमेरपुर, मारवाड़ जंक्शन, बाली, देसूरी, तखतगढ़, फालना, नाडोल, देसूरी नाल सहित सभी क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली व आवश्यक निर्देश दिये। नगर निकायों को सफाई व्यवस्था, कचरा निस्तारण एवं स्वच्छता अभियान प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने पुलिस एवं प्रशासन के समन्वय, नशे के विरूद्व अभियान आदि अन्य बिन्दुओं के बारे में निर्देश दिये।
इस अवसर पर यूसीसी में ऑनलाईन भागीदारी के बारे मे निर्देश दिये। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ बजरंग सिंह, एडीएम ओम प्रभा, सीईओ जिला परिषद मुकेश चौधरी, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, सभी उपखंड अधिकारी, सभी पुलिस विभाग के ब्लॉक अधिकारी, विकास अधिकारी, नगर निगम आयुक्त व निकायों के सभी ईओ, हाईवे, मेडिकल, पीडब्यूडी आदि संबधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।











