खाद्य सुरक्षा टीम ने स्कूल, डेयरी व चाय आउटलेट का किया निरीक्षण

राकेश अग्रवाल
सवाई माधोपुर। अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सवाई माधोपुर डॉ. अनिल कुमार जेमिनी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं विद्यालय का निरीक्षण किया।
टीम ने सर्वप्रथम सेंट एंसलम स्कूल, सवाई माधोपुर का निरीक्षण कर पेयजल की शुद्धता एवं स्वच्छता की जांच की। विद्यालय की पेयजल व्यवस्था का जायजा लेते हुए स्वच्छता एवं शुद्धता बनाए रखने तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद टीम ने खेरदा स्थित भारत पनीर उद्योग डेयरी का निरीक्षण किया। यहां खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, रख-रखाव एवं खाद्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों में सुधार करने तथा खाद्य पदार्थों को स्वच्छ एवं सुरक्षित परिस्थितियों में रखने के लिए डेयरी संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में बजरिया स्थित श्री राजवाड़ी चाय आउटलेट का भी निरीक्षण किया गया। टीम ने चाय की गुणवत्ता एवं तैयार करने की प्रक्रिया का जायजा लिया। संचालक को खाद्य पदार्थों की सुरक्षित पैकिंग के लिए केवल फूड-ग्रेड पैकेजिंग सामग्री का उपयोग करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा चाय एवं अन्य खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा टीम ने संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के लिए पाबंद किया। टीम ने कहा कि आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना प्रत्येक खाद्य कारोबारकर्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नितेश गौतम, चंचल मीणा एवं वीरेंद्र राजपूत मौजूद रहे।











