अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची अष्टधातु प्रतिमा का हुआ अनावरण, 5,659 करोड़ के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

मोनू सुरेश छीपा।
निम्बाहेड़ा में अमित शाह के कार्यक्रम में शामिल हुए विधायक डॉ. लालाराम बैरवा
निम्बाहेड़ा, 16 अगस्त 2026। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा दौरे के दौरान शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कार्यक्रम में सहभागिता की। विधायक बैरवा ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
निम्बाहेड़ा के जे.के. सर्किल स्थित मिनी अटल स्मारक में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची अष्टधातु प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर विधायक डॉ. बैरवा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्र निर्माण, सुशासन एवं राष्ट्रसेवा में योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के 15 जिलों में करीब 5,659 करोड़ रुपये की लागत के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें करीब 2,423 करोड़ रुपये की लागत के 502 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा करीब 3,235 करोड़ रुपये की लागत के 442 विकास कार्यों का शिलान्यास शामिल रहा।
इसके बाद डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संबोधित किया। जनसभा में प्रदेशभर से आए भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का राजस्थान दौरा प्रदेश के विकास और सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा देने वाला है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास केंद्र और राज्य सरकार की राजस्थान के विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
डॉ. बैरवा ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण नई पीढ़ी को उनके राष्ट्रवादी विचारों, सुशासन और राष्ट्रसेवा के आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी, निम्बाहेड़ा विधायक एवं पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी, जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, सहकारिता मंत्री गौतम दक, राजस्व एवं जिला प्रभारी मंत्री हेमंत मीणा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर विभिन्न राजनीतिक एवं विकासात्मक विषयों पर चर्चा भी की।











