प्रतिभा के दम पर महिला प्रीमियर लीग के विशेष प्रशिक्षण शिविर में बनाई जगह

प्रवीण सेन।
शानू सेन का डब्ल्यूपीएल कैंप के लिए चयन l
शहर की प्रतिभाशाली महिला क्रिकेट खिलाड़ी शानू सेन का चयन महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के विशेष प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। शानू ने अपनी प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। शानू का चयन डब्ल्यूपीएल की फ्रेंचाइजी गुजरात जायंट्स द्वारा आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर के लिए किया गया है। यह कैंप अहमदाबाद में 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। शिविर में देश-विदेश की अनुभवी महिला क्रिकेट खिलाड़ियों के साथ शानू को अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी कौशल को निखारने का अवसर मिलेगा।
शानू के इस चयन से भीलवाड़ा के क्रिकेट प्रेमियों और खेल जगत में खुशी की लहर है। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और डब्ल्यूपीएल कैंप में चयन पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव रामपाल शर्मा, अध्यक्ष महेंद्र नाहर, नरेंद्र ओझा, महेश शर्मा, शैलेंद्र गहलोत एवं ईश्वर सुवालका सहित अन्य पदाधिकारियों ने खुशी जाहिर करते हुए शानू को शुभकामनाएं दीं। शानू का डब्ल्यूपीएल कैंप तक पहुंचना भीलवाड़ा की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।











