निशुल्क नेत्र रोग शिविर में 82 मरीजों को मिला परामर्श, 9 का हुआ मोतियाबिंद ऑपरेशन

मोनू सुरेश छीपा।
भीलवाड़ा, 8 अगस्त। श्री गणेश उत्सव प्रबंध एवं सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय निशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर में विभिन्न गांवों से आए 82 मरीजों को नेत्र संबंधी परामर्श दिया गया। जांच के बाद चयनित 9 मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन स्पर्श हॉस्पिटल में सफलतापूर्वक किए गए।
समिति के मीडिया प्रभारी महावीर समदानी ने बताया कि नेत्र विशेषज्ञ डॉ. कृष्णा हेड़ा (DNB) ने अपना घर वृद्धाश्रम में मरीजों की नेत्र जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। इसके बाद ऑपरेशन के लिए चयनित 9 मरीजों के स्पर्श हॉस्पिटल में मोतियाबिंद ऑपरेशन किए गए।
शिविर के दौरान मरीजों को समिति की ओर से आवास, भोजन, आवश्यक दवाइयां एवं काले चश्मे निशुल्क उपलब्ध करवाए गए। इस सेवा कार्य में समिति अध्यक्ष उदयलाल समदानी, डॉ. अतुल हेड़ा, सुभाष अग्रवाल, गणपत जागेटिया, छीतरमल लड्ढा, लादूलाल माली एवं घनश्याम डाड सहित समिति के सदस्यों ने सेवाएं दीं।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाना तथा आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को निशुल्क उपचार का लाभ पहुंचाना है।











