सुमेरपुर को मिली 10 करोड़ की सौगात: 13 नई सड़कों का होगा निर्माण, 24.10 किमी सड़क नेटवर्क होगा मजबूत

Bharat Sharma
पाली, 08 जून। सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क और ग्रामीण विकास को नई गति देने के लिए राजस्थान सरकार ने 13 नई सड़कों के निर्माण हेतु 10 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। इस स्वीकृति से क्षेत्र के विभिन्न गांवों और ढाणियों को बेहतर सड़क सुविधाएं मिलेंगी तथा आवागमन सुगम होगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अनुशंसा पर सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने वर्ष 2026-27 की बजट घोषणाओं के तहत 13 नॉन-पेचेबल (पूरी तरह क्षतिग्रस्त) सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की है। विभाग के संयुक्त सचिव (पथ) पंकज आर्य द्वारा जारी स्वीकृति के अनुसार कुल 24.10 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण एवं पुनर्निर्माण किया जाएगा।
स्थानीय विधायक एवं पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि स्वीकृत कार्यों में लापोद-बंसत सड़क, कानपुरा-फतापुरा सड़क, सुमेरपुर-भारूंदा-नोवी सीसी सड़क, नेतरा-पराखिया संपर्क सड़क, पावा-हिंगोला सड़क, आशापुरा संपर्क सड़क, नेतरा-वरायी माता मंदिर सड़क, मामाजी थान किरवा सड़क, बूसी-पादरली तुर्कान सड़क, मादड़ी-राईकां की ढाणी सड़क, एनएच-62 से तोगावास की ढाणी सड़क, घूमटी-गढ़वाड़ा सड़क तथा पाली बोमदड़ा-पड़ासला खुर्द वाया बाणियावास सड़क शामिल हैं।
मंत्री कुमावत ने इस स्वीकृति पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग की मंत्री व उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नई सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और सुमेरपुर क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित निर्णय लिया है, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।











