कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने बिजली-पानी समस्याओं पर अधिकारियों को लगाई फटकार, मानसून तैयारियों की समीक्षा

Bharat sharma
पाली, 06 जून। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक जोराराम कुमावत ने शनिवार को सुमेरपुर नगरपालिका सभाकक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर क्षेत्र की बिजली, पेयजल और मानसून पूर्व तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने आमजन से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश देते हुए अधिकारियों को जवाबदेह बनने को कहा।
बैठक के दौरान क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती का मुद्दा प्रमुखता से उठा। मंत्री जोराराम कुमावत ने विद्युत निगम के अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश देते हुए ढीले तारों को तुरंत कसने, बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की कटाई-छंटाई करवाने तथा आरडीएसएस योजना के तहत नए ट्रांसफार्मर लगाने की कार्यवाही तेज करने को कहा।
उन्होंने बताया कि हाल ही में आए तूफान के कारण बड़ी संख्या में बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। उन्होंने अधिकारियों को शेष मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीषण गर्मी के मौसम में प्रत्येक क्षेत्र में पर्याप्त और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मानसून से पहले सतर्कता के निर्देश
आगामी मानसून सत्र को देखते हुए मंत्री कुमावत ने संभावित जलभराव, बाढ़ जैसी परिस्थितियों और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए विशेष तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर आपातकालीन टीमों का गठन किया जाए, जो मानसून के दौरान 24 घंटे सक्रिय रहकर किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करें।
पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को वितरित किए चेक
बैठक के दौरान सामाजिक कल्याण योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर मंत्री कुमावत ने प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत 10 स्थानीय रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को ऋण सहायता के चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि यह योजना छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके व्यवसाय को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पौधा भेंट कर किया गया स्वागत
बैठक से पूर्व नगरपालिका सभाकक्ष पहुंचने पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मंत्री जोराराम कुमावत का पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ‘ग्रीन वेलकम’ किया।
बैठक में पाली प्रधान प्रतिनिधि पुखराज पटेल, एसडीएम कालूराम कुम्हार, नगरपालिका अधिशासी अधिकारी नरपत सिंह, निवर्तमान चेयरमैन ललित रांकावत, पूर्व चेयरमैन फूलाराम सुथार, रविकांत रावल, महेंद्र माली, हनुवंत सिंह, मनोज नामा, महिराज सिंह, मुकेश मोदी, मनीष सोलंकी सहित विद्युत विभाग, जलदाय विभाग एवं नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।











