गहलोत के आवास पर सजी जादू की महफिल, भीलवाड़ा के नरेश ने दिखाया हुनर

प्रभुलाल लोहार
राजस्थानभर के जादू कलाकार जुटे, कला को बढ़ावा देने और मोबाइल से दूरी पर हुआ मंथन
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जयपुर स्थित राजकीय आवास पर 16 अगस्त को जादू कला को समर्पित विशेष जादू सभा का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से जादू कलाकारों और कला प्रेमियों ने हिस्सा लिया। कलाकारों ने अपनी कला, अनुभव और जादू के क्षेत्र में आ रही चुनौतियों पर चर्चा की। इस खास आयोजन में भीलवाड़ा के जादू कलाकार नरेश को भी अपनी कला प्रस्तुत करने और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ जादू कला को लेकर संवाद करने का अवसर मिला। नरेश ने अपनी जादू कला के जरिए भीलवाड़ा का प्रतिनिधित्व किया।

इस दौरान गहलोत ने कलाकारों से उनकी कला और अनुभवों के बारे में जानकारी ली। जादू कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर
कार्यक्रम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जादू कला को बढ़ावा देने, कलाकारों को उचित मंच उपलब्ध कराने और इस पारंपरिक कला को नई पीढ़ी से जोड़ने पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि आज मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल के बीच जादू जैसे स्वस्थ और पारिवारिक मनोरंजन को बढ़ावा देना जरूरी है। कार्यक्रम में कई जादू कलाकारों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, वैभव गहलोत और काश्विनी गहलोत ने कलाकारों से मुलाकात कर उनकी प्रस्तुतियां और अनुभव जाने। भीलवाड़ा के नरेश की सहभागिता ने जिले की जादू कला को जयपुर के इस विशेष मंच पर पहचान दिलाई।











