नर्बदेश्वर महादेव के प्रथम पाटोत्सव पर निकलेगी भव्य कावड़ यात्रा

प्रभूलाल लोहार
भीलवाड़ा। श्री सिद्धिविनायक बालाजी मंदिर, वाईफाई पार्क, विजय सिंह पथिक नगर में स्थापित नर्बदेश्वर महादेव के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रथम पाटोत्सव समारोह आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय धार्मिक आयोजन में सुंदरकांड पाठ के साथ भव्य कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम के तहत 22 अगस्त शनिवार को शाम 8 बजे सुंदरकांड पाठ होगा। इसके अगले दिन 23 अगस्त रविवार को दोपहर 1 बजे भव्य कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा मोती बावजी चौराहा स्थित बालाजी मंदिर से शुरू होकर वार्ड 59, बस्ती नगर सहित विभिन्न गली-मोहल्लों से होते हुए श्री सिद्धिविनायक बालाजी मंदिर पहुंचेगी।
कावड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। यात्रा के दौरान भगवान शिव के जयकारों से माहौल भक्तिमय होगा। कावड़िए पवित्र जल लेकर मंदिर पहुंचेंगे, जहां नर्बदेश्वर महादेव का पवित्र जल से अभिषेक किया जाएगा। प्रथम पाटोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। आयोजकों ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है।











