लापता युवक की तलाश को लेकर राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर के आवास पहुंचे लुहार समाज के लोग, शीघ्र कार्रवाई की मांग

प्रवीण सेन
भीलवाड़ा, 5 अगस्त। जिले के आसींद क्षेत्र के करणजालिया निवासी प्रकाश लोहार के पिछले 15 दिनों से लापता होने के मामले को लेकर बुधवार को लुहार समाज के प्रतिनिधिमंडल ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर के आवास पहुंचकर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि प्रकाश लोहार 21 जुलाई को उज्जैन से भीलवाड़ा लौटते समय लापता हो गए थे। परिवार द्वारा लगातार तलाश और पुलिस में शिकायत के बावजूद अब तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका है। अंतिम मोबाइल लोकेशन भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा क्षेत्र में मिलने के बाद भी परिवार का आरोप है कि मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।
प्रकाश लोहार की पत्नी सुनीता लोहार ने धीरज गुर्जर को अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि परिवार पिछले 15 दिनों से बेहद परेशान है और उन्हें किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। उन्होंने जल्द से जल्द उनके पति की तलाश कर सुरक्षित बरामदगी की मांग की।
इस दौरान धीरज गुर्जर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले को गंभीरता से संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा तथा हरसंभव प्रयास किया जाएगा कि लापता युवक का जल्द पता लगाया जा सके।
लुहार समाज ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो समाज व्यापक आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। फिलहाल पूरे मामले को लेकर परिवार और समाजजन पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।











