शाहपुरा में साइबर सेफ्टी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, डीवाईएसपी ओमप्रकाश बिश्नोई ने बताए ऑनलाइन सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपाय

मोनू सुरेश छीपा।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान शाहपुरा (भीलवाड़ा) में नव नियुक्त वरिष्ठ अध्यापकों के ओरिएंटेशन कार्यक्रम के अंतर्गत साइबर सेफ्टी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान की उपप्राचार्य सुश्री रश्मि पुरी गोस्वामी ने की, जबकि मुख्य वक्ता डीवाईएसपी एवं वृत्ताधिकारी (सीओ) शाहपुरा श्री ओमप्रकाश बिश्नोई रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री ओमप्रकाश बिश्नोई ने साइबर अपराधों के लगातार बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल भुगतान की सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, फिशिंग, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने जैसी महत्वपूर्ण सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों एवं प्रशिक्षणार्थियों से साइबर सुरक्षा के प्रति सदैव सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने का आह्वान किया।
शिविर प्रभारी धर्मीचंद जैन ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नव नियुक्त वरिष्ठ अध्यापकों का दायित्व केवल स्वयं जागरूक रहना ही नहीं, बल्कि अपने-अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज में जागरूकता के सबसे प्रभावी माध्यम हैं और उनके माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश व्यापक स्तर तक पहुँचाया जा सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्ष सुश्री रश्मि पुरी गोस्वामी ने डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने तथा प्राप्त जानकारी को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन सह प्रभारी श्री नितिन जावलिया ने किया। इस अवसर पर संस्थान के अधिकारी, संकाय सदस्य एवं प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।











