जन्माष्टमी के दिन चुनाव ड्यूटी प्रशिक्षण कराने का विरोध, तिथि परिवर्तन की मांग

प्रवीण सेन।
शैक्षिक महासंघ ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, धार्मिक भावनाओं एवं कार्मिकों की सुविधा का दिया हवाला l
आगामी 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के दिन प्रस्तावित चुनाव ड्यूटी प्रशिक्षण की तिथि में परिवर्तन की मांग को लेकर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, जिला भीलवाड़ा की ओर से जिला मंत्री ईश्वर सिंह चौधरी के नेतृत्व में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) को ज्ञापन सौंपा गया।
सुवाणा खंड मंत्री अनिल उपाध्याय ने बताया कि 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कार्मिक धार्मिक आयोजनों में शामिल होते हैं तथा कई लोग व्रत एवं उपवास भी रखते हैं। ऐसे में जन्माष्टमी के दिन चुनाव ड्यूटी में नियुक्त कार्मिकों का प्रशिक्षण आयोजित किए जाने से उन्हें धार्मिक एवं पारिवारिक दायित्वों के निर्वहन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि प्रशिक्षण की निर्धारित तिथि को जन्माष्टमी के दिन से हटाकर किसी अन्य उपयुक्त तिथि पर किया जाए। इससे चुनाव ड्यूटी में नियुक्त कार्मिक बिना किसी असुविधा के प्रशिक्षण में सहभागिता कर सकेंगे।
ज्ञापन पर एडीएम ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को विषय पर यथासंभव आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर देवराज जाट, सत्यनारायण मंत्री, महेश मंडोवरा सहित संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शैक्षिक महासंघ ने प्रशासन से कार्मिकों की धार्मिक भावनाओं और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण की तिथि में आवश्यक परिवर्तन किए जाने की अपेक्षा जताई।











