शाहपुरा-बनेड़ा को मिली 18.48 करोड़ की सौगात, 16 सड़क परियोजनाओं को मिली स्वीकृति

मोनू सुरेश छीपा।
शाहपुरा। शाहपुरा-बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क को सुदृढ़ बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। क्षेत्र में मिसिंग लिंक एवं नॉन-पेचेबल (गैर डामरीकरण) सड़कों के निर्माण के लिए कुल 18 करोड़ 48 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। इस निर्णय से क्षेत्र के अनेक गांवों में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी और ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने इस स्वीकृति पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं से किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। स्वीकृति के तहत 11 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से 11 किलोमीटर लंबाई के चार मिसिंग लिंक सड़क कार्य किए जाएंगे। इनमें हाथीपुरा-दुगलला, राक्षी-सुनार की कुई कोडलाई, अमरपुरा-भीलों का खेड़ा सरदारपुरा तथा डाबला चांदा-मीणों का झोपड़ा-आंटोली मार्ग शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 6 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से 31.10 किलोमीटर लंबाई के 12 नॉन-पेचेबल सड़क कार्यों को स्वीकृति दी गई है।
इनमें बरच्छखेड़ा-आंटोली, अरनिया रासा-मदनपुरा, बरला-हरिराम, तस्वारिया बांसा-हरिराम, भोजपुर-खारी खेड़ा, कनेछनकलां-कनेछनखुर्द, प्रतापपुरा-रायपुर, ए.आर. खेड़ा हेतम, ए.आर. चमनपुरा, सरदारनगर-लसाड़िया, चमनपुरा-देवपुरा सहित अन्य ग्रामीण मार्गों का निर्माण कराया जाएगा। विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार भविष्य में भी शाहपुरा-बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए इसी प्रकार जनहितकारी निर्णय लेती रहेगी। :::











