उत्तर प्रदेश

एक लाख का इनामी बदमाश इज़राइल उर्फ इज़राइल पुलिस मुठभेड़ में ढेर, सिपाही घायल

IMG 20260615 WA0012

IMG 20260615 WA0011
उन्नाव। बांगरमऊ थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। मुठभेड़ के दौरान एसओजी का एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गया, जबकि एक उपनिरीक्षक की जान बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचा ली।
पुलिस के अनुसार, थाना बांगरमऊ और एसओजी उन्नाव की टीम आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी सर्विस रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाबा मिलनदास हत्याकांड में वांछित और एक लाख रुपये का इनामी आरोपी इसराइल उर्फ इजराइल पुत्र शकूर निवासी पूर्विया टोला, बांगरमऊ, ताजपुर अंडरपास के पास अपने किसी साथी का इंतजार कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की घेराबंदी कर उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उपनिरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जबकि एसओजी के आरक्षी विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए।
इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें इसराइल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक इसराइल 9 जून को बांगरमऊ कस्बे के निवासी बाबा मिलनदास की चाकुओं से गोदकर हत्या करने के मामले में वांछित था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक चाकू, एक 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button