बासकार जातियों का राष्ट्रीय सम्मेलन कल लखनऊ में
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य होंगे मुख्य अतिथि, डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल करेंगे अध्यक्षता


लखनऊ। बासकार, धरकार, बसोर एवं बरार सहित संबंधित समाज की सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक स्थिति को मजबूत करने तथा उनके कल्याण से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाने के उद्देश्य से बासकार जातियों का राष्ट्रीय सम्मेलन कल लखनऊ में आयोजित किया जाएगा।
सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं असम सरकार के राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ बसफोर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल, सदस्य विधान परिषद करेंगे।
सम्मेलन की तैयारियों एवं उद्देश्य की जानकारी देते हुए वंचित समाज लोक कल्याण महासमिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविशंकर हवेलकर ने बताया कि सम्मेलन में बासकार, धरकार, बसोर एवं बरार समाज की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं और उनके समग्र विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से सरकार से इन समाजों के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक एवं रोजगार संबंधी विकास के लिए विशेष पहल किए जाने की मांग रखी जाएगी। साथ ही संबंधित जातियों के कल्याण के लिए आयोग, निगम अथवा बोर्ड के गठन की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी, ताकि समाज के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रभावी संस्थागत व्यवस्था विकसित हो सके।
रविशंकर हवेलकर ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं, अधिकारों और विकास की आवश्यकताओं को संगठित रूप से सामने रखना है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से समाज के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी भाग लेकर अपने विचार रखेंगे।
उन्होंने कहा कि बासकार, धरकार, बसोर एवं बरार समाज के सामाजिक उत्थान, शिक्षा, रोजगार, आर्थिक सशक्तीकरण तथा सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ पहुंचाने जैसे विषय सम्मेलन के प्रमुख केंद्र में रहेंगे।
सम्मेलन में समाज के प्रतिनिधियों द्वारा अपनी मांगों और सुझावों को प्रमुख अतिथियों के समक्ष रखा जाएगा तथा सरकार से समाज के कल्याण के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया जाएगा।
— रविशंकर हवेलकर
राष्ट्रीय अध्यक्ष, वंचित समाज लोक कल्याण महासमिति


