दीपावली पर्व पर टुंडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शातिर चोरी के आरोपी संजय टुडू को गिरफ्तार कर भेजा जेल

Deepak Kumar Pandey
टुंडी। दीपावली पर्व को लेकर टुंडी पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए बैटरी एवं दोपहिया वाहन चोरी के आरोपी संजय टुडू को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी 28 वर्षीय संजय टुडू पर ट्रैक्टर की बैटरी एवं दोपहिया वाहन चोरी करने के गंभीर आरोप हैं। बताया जाता है कि आरोपी लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था, जिससे क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल था।
इस मामले को हिन्दी दैनिक समाचार पत्र झारखंड जागरण ने भी प्रमुखता से प्रकाशित किया था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद टुंडी पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई करते हुए आरोपी संजय टुडू को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सोमवार को उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया।
बताया जाता है कि आरोपी चोरी किए गए दोपहिया वाहन का इस्तेमाल अपने निजी कार्यों के लिए करता था। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।











