News

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दिए सख्त निर्देश

प्रवीण सेन।


23 ब्लैक स्पॉट का होगा स्थायी सुधार, अवैध कट बंद करने और अतिक्रमण हटाने पर जोर


जिला सड़क सुरक्षा समिति की वर्ष 2026-27 की बैठक जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) श्रीमती प्रतिभा देवठिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था में सुधार तथा सड़क सुरक्षा के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक की शुरुआत में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता एवं समिति के सदस्य सचिव राजीव जैन ने पिछली बैठक की अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत की।

अवैध कट बंद करने और ब्लैक स्पॉट सुधारने के निर्देश

बैठक में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर स्थित सभी अवैध कट बंद करने तथा संबंधित विभागों को संयुक्त जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। कोठारी नदी (भदाली खेड़ा पुलिया) पर स्थित ब्लैक स्पॉट का स्थायी सुधार करने और रामस्नेही अस्पताल के सामने बने अवैध कट को बंद करने के लिए नगर विकास न्यास को निर्देशित किया गया।

राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित 23 तथा शहरी क्षेत्र के 9 ब्लैक स्पॉट पर स्थायी सुधार कार्य करवाने के निर्देश भी दिए गए। एनएच के सभी अंडरपास की दोनों तरफ की सर्विस रोड पर स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप और मिरर लगाने को कहा गया।

सड़कों की मरम्मत और सफाई पर विशेष जोर

गंगापुर तिराहे से आरटीओ ऑफिस पुर रोड तक बने स्पीड ब्रेकरों का सुधार करने के निर्देश नगर निगम, नगर विकास न्यास एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग को दिए गए। दीपावली से पूर्व शहर की सभी सड़कों पर जंगल सफाई, पेच रिपेयरिंग एवं व्हाइट लाइनिंग करवाने के निर्देश भी दिए गए।

शहर के स्कूलों, मंदिरों, सामुदायिक भवनों एवं मैरिज गार्डन के आसपास जेब्रा क्रॉसिंग, रंबल स्ट्रिप, सड़क लाइनिंग, चौराहों के विकास, रंग-रोगन एवं सफाई कार्य करवाने पर जोर दिया गया।

कोटड़ी चौराहे पर पाइपलाइन रिसाव बंद करने के निर्देश

राष्ट्रीय राजमार्ग-758 स्थित कोटड़ी चौराहे पर पानी की पाइपलाइन से हो रहे रिसाव को बंद करने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) को निर्देशित किया गया। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग की सीमा में आने वाली अवैध शराब की दुकानों का संयुक्त सर्वे कर उन्हें हटाने के लिए आबकारी विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्ती

बैठक में स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों के संस्था प्रधानों को निर्देश दिए गए कि 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर में वाहन लाने से रोकें। इस संबंध में चालान बनाने के साथ अभिभावकों की बैठक आयोजित कर समझाइश करने को कहा गया।

विद्यालयों में संचालित वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही छात्र-छात्राओं एवं आमजन को ट्रैफिक पार्क के माध्यम से यातायात नियमों की जानकारी देने पर जोर दिया गया।

गुड सेमेरिटन योजना का होगा प्रचार-प्रसार

सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए गुड सेमेरिटन योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। इसके तहत शहर के प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थलों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में बैनर-पोस्टर लगाने तथा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जागरूकता फैलाने को कहा गया। योजना के तहत 25 हजार रुपये के पुरस्कार की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

घायल व्यक्तियों के उपचार एवं राहवीर योजना के संबंध में प्रस्ताव भिजवाने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को चिकित्सालयों एवं एनएचएआई के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए गए। वहीं iRAD सॉफ्टवेयर पर लंबित प्रविष्टियों का तत्काल निस्तारण करने के लिए पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया।

WhatsApp Image 2026 10 31 at 2.04.57 PM

ओवरलोड वाहनों और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने तथा विपरीत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान, लाइसेंस निलंबन और लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए। पेट्रोलिंग में लगाए गए वाहनों की संख्या एवं प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा गया।

बिना हेलमेट वाहन चलाने, शराब पीकर ड्राइविंग करने, तेज गति से वाहन चलाने एवं स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए गए। निर्धारित क्षमता से अधिक भार ले जाने वाले वाहनों पर कार्रवाई करने तथा जिले में प्रवेश करने वाले ओवरलोड वाहनों के आवागमन का समय निर्धारित करने पर भी चर्चा हुई।

वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने और निराश्रित पशुओं को हटाने के निर्देश

सर्दी के मौसम में कोहरे के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, अर्थमूवर्स एवं अन्य वाहनों पर अधिक से अधिक रिफ्लेक्टर टेप लगाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए जिला परिवहन विभाग एवं नगर निगम को 15 दिवसीय विशेष शिविर लगाने को कहा गया।

इसके अलावा शहर की सड़कों से निराश्रित पशुओं को सरकारी कांजी हाउस तथा आवारा स्वानों को डॉग शेल्टर में पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

अतिक्रमण हटाने और चौराहों के सौंदर्यीकरण पर जोर

शहर के प्रमुख चौराहों पर अस्थायी एवं स्थायी दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण हटाने तथा चौराहों का सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए गए। शिवाजी गार्डन के पास ट्रांसफार्मर तथा बड़ला चौराहे से मंगल पांडे सर्किल तक अतिक्रमण एवं थड़ियां हटाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में संबंधित विभागों को सभी निर्देशों की समयबद्ध पालना सुनिश्चित करने तथा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा नियमों की पालना, यातायात व्यवस्था में सुधार और आमजन को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध करवाने के लिए विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

Khushal Luniya

Meet Khushal Luniya – A Young Tech Enthusiast, AI Operations Expert, Graphic Designer, and Desk Editor at Luniya Times News. Known for his Brilliance and Creativity, Khushal Luniya has already mastered HTML and CSS. His deep passion for Coding, Artificial Intelligence, and Design is driving him to create impactful Digital Experiences. With a unique blend of technical skill and artistic vision, Khushal Luniya is truly a rising star in the Tech and Media World.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button