सवाई माधोपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: आगरा से आया 2800 किलो मावा पकड़ा, 70 टोकरियों की जांच

राकेश अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 3 नवंबर 2026। दीपावली के त्योहारी सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरा से सवाई माधोपुर लाया गया करीब 2800 किलोग्राम मावा पकड़ा है। मावा 70 टोकरियों में भरकर ऑटो, कार और पिकअप वाहनों के जरिए शहर में अलग-अलग दुकानों पर ले जाया जा रहा था।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे से 5 बजे तक रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर कुंडेरा बस स्टैंड से पहले कार्रवाई की। इस दौरान बजरिया और सवाई माधोपुर शहर के व्यापारी आगरा फोर्ट से ट्रेन के माध्यम से आए मावे को अपने वाहनों में भरकर दुकानों पर ले जा रहे थे।
संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने वाहनों को रुकवाकर जांच की। जांच के दौरान वाहनों में मावे की कई गांठें और टोकरियां मिलीं। मौके पर संबंधित व्यापारियों को बुलाकर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मावे के नमूने लिए गए।

कार्रवाई के दौरान 5 टोकरियों के मालिक मौके पर नहीं पहुंचे। इसकी सूचना मिलने पर अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे। उनके निर्देश पर शेष 5 टोकरियों के मावे को संभावित मालिक के आने तक डीप फ्रीजर में सुरक्षित रखवाकर सीज किया गया।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया, नितेश गौतम, चंचल मीणा, ज्योति अग्रवाल एवं वीरेंद्र सिंह राजपूत मौजूद रहे।
विभाग द्वारा लिए गए मावे के नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला जयपुर भेजा गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब जांच रिपोर्ट पर टिकी नजरें: आगरा से बड़ी मात्रा में आए मावे की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











