बाली वार्ड संख्या 14 की जर्जर नालियों की आखिर हुई मरम्मत, नगर पालिका ने आरसीसी सीमेंट से कराया निर्माण

Vikram B Rathod
बाली। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 14 स्थित जुनाड़ाक खाने की गली में लंबे समय से टूटी हुई एवं खुली नालियों के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नालियों की हालत इतनी खराब थी कि आए दिन कोई न कोई राहगीर फिसलकर उनमें गिर जाता था। इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार समाचार प्रकाशित होने के बावजूद प्रशासन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा था।
गत दिनों इसी गली से गुजर रहे अशोकभाई वालचंदजी मेहता (बोरीवली) का पैर टूटी हुई नाली के कारण फिसल गया, जिससे वे गिर पड़े। आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने उन्हें बड़ी मुश्किल से उठाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं यहां अक्सर होती रहती हैं।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि नालियों की नियमित सफाई भी नहीं होती थी, जिसके कारण उनमें कचरा जमा रहता था। कई स्थानों पर नालियां अत्यधिक चौड़ी और ऊपर से पूरी तरह खुली हैं। बारिश के दौरान वार्ड के नुक्कड़ पर पानी भर जाने से दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है।


इसी क्षेत्र में स्थित निमड़ावाली प्राथमिक विद्यालय में प्रतिदिन छोटे-छोटे विद्यार्थी पढ़ने आते हैं। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका से कई बार मांग की थी कि खुली नालियों पर लोहे की जालियां लगाई जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
इस गंभीर समस्या को लेकर लुनिया टाइम्स और दैनिक भास्कर में कई बार समाचार प्रकाशित किए गए। लगातार समाचार प्रकाशित होने के बाद नगर पालिका हरकत में आई और टूटी हुई नाली की आरसीसी सीमेंट से मरम्मत करवाई।
मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद जुनाड़ाक खाने की गली के रहवासियों ने राहत की सांस ली और नगर पालिका का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में नालियों की नियमित सफाई और रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाएगा।
फोटो कैप्शन:
जुनाड़ाक खाने की गली, वार्ड संख्या 14 में नगर पालिका द्वारा आरसीसी सीमेंट से टूटी हुई नालियों की मरम्मत करते हुए एवं मरम्मत के बाद का दृश्य।











