श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर में 51 किलो खीर का भोग, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

प्रवीण सेन
सीताराम जी की बावड़ी के पास स्थित श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर खीर प्रसाद महोत्सव श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस दौरान मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। महोत्सव के तहत सर्वप्रथम श्री बालाजी महाराज की विधिवत आरती की गई। इसके पश्चात भगवान को 51 किलो खीर का भोग अर्पित किया गया। भोग लगाने के बाद श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित किया गया, जिसे भक्तों ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शरद पूर्णिमा की रात्रि में खीर का भोग लगाने और प्रसाद ग्रहण करने का विशेष महत्व माना जाता है। इसी धार्मिक परंपरा के अनुरूप मंदिर में खीर प्रसाद महोत्सव का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान बालाजी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस आयोजन ने श्रद्धालुओं को धर्म, आस्था और भक्ति के साथ जुड़ने का अवसर प्रदान किया। शरद पूर्णिमा का यह पर्व मंदिर परिसर में श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक परंपराओं के प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक बना।











